BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts












 

राजपुर में जमीन विवाद पर प्रशासन सख्त: एसडीएम की मौजूदगी में किसान–कॉलोनाइजर आमने-सामने, महापंचायत की चेतावनी

📍  मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ गौतमबुद्धनगर
गौतम बुद्ध नगर के सदर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) की अध्यक्षता में आज एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें राजपुर गांव में कथित रूप से अवैध कॉलोनी काटने और किसान की जमीन हड़पने के आरोपों को लेकर किसानों और कॉलोनाइजर के बीच सीधी बातचीत कराई गई। यह मामला उस समय तूल पकड़ गया जब गांव के एक किसान ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जा और कॉलोनाइजर द्वारा जबरन कॉलोनी विकसित किए जाने का आरोप लगाया।
बैठक के दौरान प्रशासन ने दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनी और पूरे प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। किसानों की ओर से स्पष्ट रूप से आरोप लगाया गया कि कॉलोनाइजर उनकी भूमि पर कब्जा करने की मंशा से काम कर रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन (अरजनीतिक मंच) के संगठन मंत्री बॉबी नागर ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि कॉलोनाइजर द्वारा किसान की जमीन पर जबरन कब्जा किया गया है और उसे तुरंत नहीं हटाया गया, तो संगठन कानूनी कार्रवाई करते हुए संबंधित कॉलोनाइजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि आवश्यकता पड़ने पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर एक बड़ी महापंचायत आयोजित कर आंदोलन को तेज किया जाएगा।
वहीं जिला अध्यक्ष पंकज शर्मा ने कहा कि संगठन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कॉलोनाइजर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित कराएगा। उन्होंने दो टूक कहा कि किसानों के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संगठन हर स्तर पर किसानों के साथ खड़ा रहेगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में धीरज प्रमुख, डॉ. ओमप्रकाश, जयवीर कसाना, देवेंद्र शर्मा, मोहन शर्मा, देवराज नागर, हरेंद्र नागर, कुलदीप नागर, गजराज नागर, बिज्जन नागर, जयकिशन नागर, सुबोध भाटी, गजेंद्र नागर, विनोद भाटी, वेदपाल कौशिक सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
मामले ने अब प्रशासनिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर गंभीर रूप ले लिया है। आने वाले दिनों में प्रशासन की जांच और किसानों के रुख के आधार पर इस विवाद की दिशा तय होगी।

.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }