BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

सूरजपुर में गूंजा परंपरा और संस्कृति का संगम: हवन-यज्ञ और ध्वजारोहण के साथ शुरू हुआ ऐतिहासिक बाराही मेला-2026

   मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा (सूरजपुर)
क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक धरोहर के रूप में प्रसिद्ध प्राचीनकालीन बाराही मेला-2026 का शुभारंभ इस वर्ष भी पूरे धार्मिक विधि-विधान और उत्साह के साथ 1 अप्रैल, बुधवार को हो गया। मेले के पहले ही दिन श्रद्धा, परंपरा और ग्रामीण संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने पूरे क्षेत्र को उत्सवमय बना दिया।
प्रातःकाल 10 बजे आचार्य सुमित शुक्ला के सानिध्य में विधिवत हवन-यज्ञ संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य अर्जित किया। इसके पश्चात सायं 4 बजे शिव मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष चौधरी धर्मपाल भाटी (प्रधान), महासचिव ओमवीर सिंह बैंसला, कोषाध्यक्ष लक्ष्मण सिंघल एवं मीडिया प्रभारी मूलचंद शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण कर मेले का औपचारिक शुभारंभ किया।
रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना से होगी, जो मेले के सांस्कृतिक आयाम को और भी समृद्ध बनाएगी। इस बार मेले में स्थापित प्राचीन चौपाल विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जहां विशाल खाट, बड़ा हुक्का, बैलगाड़ी, रई और पीढ़ा जैसी पारंपरिक ग्रामीण वस्तुएं लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ रही हैं।
राजस्थान से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत कच्ची घोड़ी नृत्य, बीन पार्टी और नगाड़ा पार्टी ने पहले ही दिन मेले में लोकसंस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत कर दी। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को ग्रामीण भारत की समृद्ध परंपराओं से रूबरू कराया।
समिति अध्यक्ष चौधरी धर्मपाल भाटी ने कहा कि यह मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को संजोने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त मंच है। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल से 13 अप्रैल तक चलने वाले इस मेले में हर दिन हरियाणा और राजस्थान के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
महासचिव ओमवीर सिंह बैंसला ने जानकारी दी कि मेले के अंतिम दिन 13 अप्रैल को भव्य कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 101 रुपये से लेकर 10,51,000 रुपये तक के पुरस्कार रखे गए हैं। इस दंगल में देशभर के नामी पहलवान हिस्सा लेंगे। दंगल का प्रायोजन मोहन बाबा ट्रस्ट, दिल्ली द्वारा किया जा रहा है।
मेले में बच्चों और युवाओं के लिए भी भरपूर मनोरंजन की व्यवस्था की गई है। कठपुतली शो, नट कला, मौत का कुआं, सर्कस, जादूगर शो और विभिन्न झूले मेले की रौनक बढ़ा रहे हैं। वहीं लगभग 200 स्टॉल्स पर खानपान और घरेलू उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध हैं, जिससे महिलाओं और परिवारों की भागीदारी भी बढ़ रही है।
कोषाध्यक्ष लक्ष्मण सिंघल ने बताया कि मेले के प्रारंभ के साथ ही प्राचीन चमत्कारिक सरोवर में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हुई है। मान्यता है कि इस सरोवर में स्नान करने से चर्म रोगों से मुक्ति मिलती है, जो मां बाराही की कृपा का प्रतीक माना जाता है।
मीडिया प्रभारी मूलचंद शर्मा ने बताया कि 2 अप्रैल को सायं 5 बजे दीप प्रज्वलन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की औपचारिक शुरुआत होगी। इसके बाद बच्चों की प्रस्तुतियां और शेखचिल्ली एवं रूखसाना एंड पार्टी द्वारा हास्य और रागनी कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में शलेकचंद हूण, मौनी शर्मा, शीला तूफान, हरी राम तूफान, डॉ. जाकिर खान, प्रताप सिंह गौतम, जारा खान और लोकेंद्र तूफान जैसे कलाकार दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी एवं सदस्य:
संरक्षक मंडल:
डा० धनीराम देवधर, चौ० ब्रजपाल भाटी, महेंद्र सिंघल, चौ० शाहमल, टेकचंद प्रधान, चौ० राजू प्रधान, महेंद्र आर्य, सतवीर सिंह ठेकेदार, राजवीर भगत जी, बिजेंद्र सिंह आर्य, शिवदत्त आर्य, भूदेव शर्मा, भोपाल ठेकेदार, राजपाल खटाना
मुख्य पदाधिकारी:
चौ० धर्मपाल भाटी (प्रधान), ओमवीर बैंसला, लक्ष्मण सिंघल
वरिष्ठ पदाधिकारी:
बिजेंद्र ठेकेदार, चौ० जगदीश भाटी (एडवोकेट), सुनील देवधर, चौ० विनोद कौंडली
प्रमुख दायित्वधारी:
मूलचंद शर्मा, सुभाष शर्मा, राजवीर शर्मा, विनोद भाटी, पवन जिंदल, हरिकिशन, चौ० ज्ञानेंद्र देवधर, योगेश अग्रवाल, चौ० रवि भाटी, भीम खारी, अज्जू भाटी, एडवोकेट दीपक भाटी, अजय शर्मा
अन्य प्रमुख सदस्य एवं सहयोगी:
सतपाल शर्मा एडवोकेट, अनिल भाटी, लीलू भगत जी, अनिल कपासिया, रूपेश चौधरी, विनोद पंडित (तेल वाले), ब्रह्म सिंह नागर, राकेश बंसल, धर्मवीर तंवर, महाराज उर्फ पप्पू, तोलाराम, केडी गुर्जर, अवनेंद्र यादव, रविंद्र मास्टर, हरीश नागर, राकेश भाटी, राहुल कपासिया, देवा शर्मा, राजकुमार नागर, पं० राजेश ठेकेदार, हरि शर्मा, सुनील सौनिक, रघुवीर (जेसीबी), विशाल गोयल, अवनीश सक्सेना उर्फ सोनू भैया, गौरव नागर, राजपाल भडाना, अरविंद भाटी, मदन शर्मा, सचिन भाटी, भगत सिंह आर्य आदि।
पहले दिन के सफल आयोजन ने यह संकेत दे दिया है कि बाराही मेला-2026 इस बार भी अपनी भव्यता, सांस्कृतिक विविधता और जनभागीदारी के नए आयाम स्थापित करेगा।