BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

अफवाहों के बीच प्रशासन अलर्ट: गौतमबुद्धनगर में एलपीजी, पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पर कड़ी निगरानी

स्पेशल स्टोरी:--डीएम की समीक्षा बैठक में स्पष्ट संदेश—पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
    मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ गौतमबुद्धनगर
ऊर्जा आपूर्ति को लेकर समय-समय पर सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और संभावित कालाबाजारी को देखते हुए गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर जनपद में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता की समीक्षा की और स्पष्ट किया कि जिले में सभी ईंधन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
बैठक में प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कालाबाजारी या अनाधिकृत भंडारण करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पर्याप्त स्टॉक, घबराने की जरूरत नहीं
बैठक में गैस एजेंसियों और पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर या ईंधन का अतिरिक्त भंडारण न करें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।
कालाबाजारी पर प्रशासन की सख्ती
जिलाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत यदि किसी व्यक्ति द्वारा दलालों या अन्य अनाधिकृत माध्यमों से एलपीजी सिलेंडरों की खरीद-फरोख्त या भंडारण करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों और गैस एजेंसी मालिकों को भी निर्देश दिए कि वे अपने प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरे चालू रखें, सभी अभिलेख अद्यतन रखें तथा कर्मचारियों और बार-बार बड़ी मात्रा में खरीदारी करने वाले ग्राहकों पर निगरानी बनाए रखें, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके।
गैस बुकिंग के लिए निर्धारित नियम
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार सिंगल बॉटल कनेक्शन वाले उपभोक्ता 25 दिन बाद और डबल बॉटल कनेक्शन वाले उपभोक्ता 30 दिन बाद एलपीजी रिफिल की अग्रिम बुकिंग कर सकते हैं। यह व्यवस्था आपूर्ति प्रणाली को संतुलित बनाए रखने के लिए लागू की गई है।
उपभोक्ताओं से अपील: अधिकृत माध्यम से ही लें गैस
जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे गैस सिलेंडर की बुकिंग केवल अधिकृत मोबाइल नंबर या मोबाइल ऐप के माध्यम से ही करें और एलपीजी वितरकों के अधिकृत वेंडरों या हॉकर के माध्यम से ही सिलेंडर प्राप्त करें। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें।
इस बैठक में डीसीपी सेंट्रल शक्ति मोहन अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम, पूर्ति निरीक्षक सहित पेट्रोल पंप और एलपीजी गैस वितरण एजेंसियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।