BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

आई.टी.एस इंजीनियरिंग कॉलेज में पशु प्राथमिक उपचार एवं जागरूकता शिविर सफल

ग्रेटर नोएडा: आई.टी.एस इंजीनियरिंग कॉलेज में पशु प्राथमिक उपचार एवं जागरूकता शिविर सफल
 Vision Live / ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा स्थित आई.टी.एस इंजीनियरिंग कॉलेज में गौ सेवा धाम हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर, होडल (पलवल, हरियाणा) के सहयोग से “पशु प्राथमिक उपचार एवं पशु जागरूकता शिविर” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं जनसमुदाय को पशुओं की देखभाल, प्राथमिक उपचार की जानकारी तथा पशु कल्याण के प्रति जागरूक करना था।
शिविर में गौ सेवा धाम हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर के महासचिव प्रत्याक्ष शर्मा अपनी विशेषज्ञ टीम के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने पशु संरक्षण के महत्व, आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार की प्रक्रिया, घाव की सफाई, प्राथमिक पट्टी, पोषण प्रबंधन और समय पर चिकित्सा सहायता की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। टीम द्वारा व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से प्रतिभागियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में 200 से अधिक छात्र-छात्राएं, संकाय सदस्य, विभागाध्यक्ष एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर निदेशक डॉ. मयंक गर्ग, डीन अकादमिक डॉ. विष्णु शर्मा, डीन छात्र कल्याण डॉ. संजय यादव, IQAC समन्वयक डॉ. राकेश गर्ग तथा UBA/CSR समन्वयक आशीष कुमार गुप्ता ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और पशुओं के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने पशु अधिकार, टीकाकरण, पोषण एवं आपातकालीन सहायता से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से समाधान किया। कार्यक्रम ने न केवल जागरूकता बढ़ाई, बल्कि सामाजिक सरोकारों के प्रति कॉलेज की प्रतिबद्धता को भी सुदृढ़ किया।
अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }