BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

27 फरवरी को बिरौंडा में रंगारंग होली महोत्सव व बम-नगाड़ा प्रतियोगिता

  Vision Live / ग्रेटर नोएडा
ग्राम बिरौंडा स्थित प्राचीन एवं आस्था के केंद्र बाबा मोहन राम मंदिर परिसर में 27 फरवरी 2026 (ग्यारस एकादशी) को भव्य रंगारंग होली महोत्सव एवं पारंपरिक बम-नगाड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सैकड़ों वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा का हिस्सा है, जिसमें क्षेत्र के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।
मंदिर परिसर में बने ऐतिहासिक तालाब पर हर वर्ष की भांति बच्चों का लटूरी मुंडन संस्कार तथा नवविवाहित जोड़ों की ‘जात’ (मनौती) की रस्म विधि-विधान से संपन्न होगी। आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु बाबा मोहन राम के दरबार में पहुंचकर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना करते हैं और प्रसाद ग्रहण कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। ग्यारस एकादशी के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का भी आयोजन रहेगा।
दोपहर 2 बजे से होली के उपलक्ष्य में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होगा। कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक नीरज भाटी (घरबरा) अपनी प्रस्तुति से समां बांधेंगे। इसके साथ ही रवि नागर (ऐच्छर), सुभाष, गौरव भाटी (डाबरा) एवं विनोद भाटी (बिरौंडा) की विशेष उपस्थिति कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएगी। बम-नगाड़ा प्रतियोगिता आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी, जिसमें विभिन्न गांवों की टीमें भाग लेंगी और पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा क्षेत्र होली के रंग में सराबोर होगा।
आयोजन समस्त ग्रामवासी बिरौंडा द्वारा सामूहिक रूप से किया जा रहा है। ग्रामवासियों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं, गणमान्य व्यक्तियों एवं युवाओं से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने और परंपरा को आगे बढ़ाने की अपील की है। यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का भी माध्यम है।