BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

स्वतंत्रता सेनानी की स्मृति स्थल बचाने को किसानों का संघर्ष तेज, धरने का दूसरा दिन जारी

मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
 भारतीय किसान यूनियन मंच के तत्वावधान में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय पीतम सिंह भाटी की स्मृति स्थल को बचाने के लिए चल रहा धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान एकत्रित रहे तथा प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया गया।
भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने बताया कि ग्रेटर नोएडा में आज प्राधिकरण के साथ कोई वार्ता नहीं हो सकी, जिसके बाद समस्त ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि आगामी 12 जनवरी को ग्राम खेड़ा चौगानपुर स्थित समाधि स्थल पर एक विशाल महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस महापंचायत में क्षेत्र के सभी किसान संगठन शामिल होंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और बिल्डर द्वारा संतोषजनक समाधान नहीं किया जाता, तब तक धरना-प्रदर्शन अनवरत जारी रहेगा।
जिलाध्यक्ष अक्षय मुखिया ने आरोप लगाया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण किसानों के शोषण का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बुजुर्गों और स्वतंत्रता सेनानियों को आज तक वह सम्मान नहीं मिला जिसके वे हकदार हैं। यह आंदोलन केवल एक समाधि स्थल का नहीं, बल्कि सम्मान और अस्मिता की लड़ाई है।
स्वर्गीय पीतम सिंह भाटी के वंशज प्रदीप भाटी ने भावुक होते हुए कहा कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और बिल्डर मिलकर उनके दादा की स्मृति को ध्वस्त करने की साजिश कर रहे हैं, जिसे किसी भी हाल में सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरा क्षेत्र और गांव इस अन्याय के खिलाफ एकजुट है।
धरना स्थल पर धर्म सिंह भाटी, विनोद पाली, रोहतास भाटी, धर्मवीर विकल, अक्षय चौधरी, नवाब प्रधान, गोविंद सिंह, रविंद्र, सोनू भाटी, धीरज सिंह, सुशील भाटी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में चेतावनी दी कि स्वतंत्रता सेनानी की स्मृति से कोई समझौता नहीं होगा।
धरने के दूसरे दिन भी माहौल संघर्षपूर्ण रहा और किसानों ने साफ कर दिया कि सम्मान और इतिहास की रक्षा के लिए उनका आंदोलन अंतिम समाधान तक जारी रहेगा।