BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

समाजसेविका अर्चना सिंह बनीं आवाज़, फुट ओवर ब्रिज की लिफ्ट हुई स्वचालित

अधिवक्ताओं और वादकारियों की सुविधा के लिए समाजसेविका अर्चना सिंह बनीं आवाज़, फुट ओवर ब्रिज की लिफ्ट हुई स्वचालित
 मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी" / ग्रेटर नोएडा
जिला एवं सत्र न्यायालय गौतम बुद्ध नगर के बाहर बने फुट ओवर ब्रिज पर लगी लिफ्ट लंबे समय से स्वचालित नहीं थी, जिससे अधिवक्ताओं, वादकारियों, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सीढ़ियां चढ़ना सभी के लिए संभव नहीं था, लेकिन इस समस्या पर लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई थी।
इस गंभीर समस्या को देखते हुए समाजसेविका एवं अधिवक्ता अर्चना सिंह ने एक बार फिर जनहित में पहल की। इससे पहले भी उन्होंने न्यायालय के पास सड़क डिवाइडर के बीच रास्ता खुलवाकर आने-जाने की व्यवस्था करवाई थी, ताकि वादकारियों को अनावश्यक लंबा चक्कर न लगाना पड़े। हाल ही में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा उसी डिवाइडर को दोबारा बंद किए जाने का कार्य शुरू किया गया, जिससे समस्या फिर से खड़ी हो गई।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए अधिवक्ता अर्चना सिंह ने तत्काल ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से संपर्क साधा और स्पष्ट रूप से कहा कि जब तक फुट ओवर ब्रिज की लिफ्ट पूरी तरह स्वचालित नहीं होती, तब तक डिवाइडर बंद करने से अधिवक्ताओं और वादकारियों को भारी असुविधा होगी। उन्होंने इसे न्याय तक पहुंच का सवाल बताते हुए प्राथमिकता से समाधान की मांग की।
अर्चना सिंह की पहल पर प्राधिकरण ने तुरंत संज्ञान लिया और लिफ्ट को स्वचालित करवा दिया। लिफ्ट चालू होते ही न्यायालय आने वाले सैकड़ों अधिवक्ताओं और वादकारियों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय अधिवक्ताओं का कहना है कि यह केवल एक लिफ्ट ठीक होने का मामला नहीं, बल्कि न्यायालय परिसर में मानवीय सुविधाओं की बहाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अर्चना सिंह की इस पहल को अधिवक्ता समुदाय ने जनहित में किया गया सराहनीय प्रयास बताया है।