BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर में “परीक्षा पर चर्चा” कार्यक्रम सम्पन्न


       Vision Live / दनकौर
श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर की मेंटर–मेंटी समिति (IQAC) द्वारा “परीक्षा पर चर्चा: परीक्षा और कैरियर को लेकर सही समझ कैसे बने” विषय पर एक महत्वपूर्ण परिचर्चा का आयोजन 11 दिसंबर 2025 को किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में परीक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना, तनाव प्रबंधन के उपायों से परिचित कराना और करियर योजना के प्रति सही दिशा प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. नाज़ परवीन, समन्वयक – मेंटर–मेंटी समिति (IQAC) रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।


वक्ताओं ने दिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन

प्राचार्य डॉ. वत्स ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई सरल मार्ग नहीं है; अनुशासन ही सफलता की सबसे बड़ी कसौटी है। उन्होंने बताया कि जीवन में वही लोग सम्मान पाते हैं, जो लगातार मेहनत और आत्मनियंत्रण का पालन करते हैं।

महाविद्यालय की उप प्राचार्या डॉ. रश्मि गुप्ता ने कहा कि अच्छे अंक लाने के लिए नियमित अध्ययन आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस बार विश्वविद्यालय ने B.A., B.Sc., B.Com प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा ऑब्जेक्टिव स्वरूप में कराने का निर्णय लिया है, इसलिए छात्रों को उसी प्रारूप के अनुरूप अभ्यास करना चाहिए।

डॉ. राजीव पांडेय ने परीक्षा हल करने की सटीक तकनीक बताई और त्रुटिरहित उत्तर लेखन पर जोर दिया।
अजय कुमार ने छात्रों को समर्थ पोर्टल की बारीकियों से अवगत कराया ताकि वे अपना व्यक्तिगत विवरण सावधानीपूर्वक भर सकें।
डॉ. प्रशांत कन्नौजिया ने सुझाव दिया कि जल्दबाज़ी न करें; पहले प्रश्नों को ध्यान से पढ़ें फिर उत्तर दें।
डॉ. अज़मत आरा ने OMR शीट भरने की सावधानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला, ताकि मूल्यांकन में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो।
अमित नागर ने परीक्षा पूर्व स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया।
सुनीता शर्मा ने कहा कि कठिन परिश्रम ही सफलता की कुंजी है।
प्रिंस त्यागी ने छात्रों को OMR शीट को न मोड़ने और न गंदा करने की सलाह दी।
डॉ. संगीता रावत ने ब्लैक–ब्लू बॉल पेन, गोले भरने की विधि और OMR में एक से अधिक गोले न भरने जैसी महत्वपूर्ण बातें समझाईं, जिससे त्रुटियों की संभावनाएँ न्यूनतम रहें।


धन्यवाद ज्ञापन और समापन

अंत में कला संकाय के विभागाध्यक्ष डॉ. देवानंद सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और छात्रों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया।

इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शिक्षक–कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।