BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

राजकीय हाई स्कूल सलेमपुर गुर्जर में पुरातन छात्र सम्मेलन एवं वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न


 मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ सलेमपुर गुर्जर (ग्रेटर नोएडा)
राजकीय हाई स्कूल सलेमपुर गुर्जर में आज पुरातन छात्र सम्मेलन एवं वार्षिक उत्सव का आयोजन अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर चुके पुरातन छात्र-छात्राओं को एक मंच पर जोड़ना, उनके अनुभवों से वर्तमान विद्यार्थियों को प्रेरणा देना तथा विद्यालय के सर्वांगीण विकास में सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह एवं विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश सिंह की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। अतिथियों का स्वागत विद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के पुरातन छात्र-छात्राओं को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में अमन शर्मा, पुनीत शर्मा, धर्मेंद्र अहीरवाल, संजीव भाटी, चंचल, खुशबू सहित अनेक पूर्व छात्र-छात्राएं शामिल रहे। पुरातन छात्रों ने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यालय के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की तथा वर्तमान विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें देशभक्ति गीत, लोकनृत्य, नाटक एवं समूह गायन शामिल रहे। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों की खूब प्रशंसा बटोरी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विकास में निरंतर सहयोग देने वाले ग्रामवासियों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने ग्राम समाज के योगदान को सराहते हुए कहा कि समुदाय और विद्यालय के आपसी सहयोग से ही शिक्षा का स्तर और बेहतर बनाया जा सकता है।
अपने संबोधन में माननीय विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज की प्रगति का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी तथा उनकी शिक्षा और भविष्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश सिंह ने विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुषमा सिंह (सफारी वाला) एवं सुश्री देवकी द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्य डाॅ रजनी पिलानीया ने विद्यालय की बुनियादी आवश्यकताओं, संसाधनों एवं समस्याओं से अतिथियों को अवगत कराते हुए मांग पत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए माननीय विधायक एवं जिला विद्यालय निरीक्षक का आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले समस्त स्टाफ, पुरातन छात्र-छात्राओं एवं वर्तमान विद्यार्थियों की प्रशंसा करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
यह आयोजन न केवल एक उत्सव रहा, बल्कि विद्यालय, पुरातन छात्रों और समाज के बीच मजबूत भावनात्मक और शैक्षिक सेतु स्थापित करने का एक सफल प्रयास भी सिद्ध हुआ।