BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

भारतीय आदर्श वैदिक बालिका इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने रचा इतिहास, नेशनल स्तर तक चमका नाम


 मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा 

भारतीय आदर्श वैदिक बालिका इंटर कॉलेज में आज एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कॉलेज के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। यह पहला अवसर है जब कॉलेज ने लगातार जिला, जनपद, प्रदेश और फिर राष्ट्रीय स्तर पर अभूतपूर्व उपलब्धियाँ हासिल की हैं।

कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने जिला और जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रचा। इसके बाद उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आगे बढ़ते हुए मध्य प्रदेश में आयोजित नेशनल गेम्स में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉलेज के 14 वर्षीय बाल खिलाड़ी ने डिस्कस थ्रो में सातवाँ स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

लकी ने मंडल, जनपद और प्रदेश में प्रथम स्थान तथा नेशनल में सातवाँ स्थान प्राप्त कर कॉलेज का नाम देशभर में रोशन किया।

समारोह में सम्मानित अतिथियों में कॉलेज के संस्थापक एवं प्रबंधक बलवीर सिंह आर्य, रईस राम, अनिल मुखिया, कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य राणा साहब, वर्तमान प्रधानाचार्या अमेरेश चपराना, इंटर कॉलेज बॉयज़ के प्रधानाचार्य इंद्रजीत, वाइस प्रिंसिपल रजनी सक्सेना, सहित बड़ी संख्या में सम्मानित लोग शामिल हुए।

अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुखबीर सिंह आर्य ने भी खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी बच्चों को सम्मानित किया। कॉलेज की मैनेजमेंट कमेटी ने भी खिलाड़ियों तथा खेल प्रशिक्षकों बालचंद नागर और कुलदीप भाटी का विशेष सम्मान किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन जसवीर सिंह आर्य ने किया। कॉलेज का पूरा स्टाफ, भारी संख्या में छात्र-छात्राएँ और अभिभावक उपस्थित रहे। बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को प्रदेश सरकार द्वारा सामूहिक ट्रॉफी भी प्रदान की गई। अंत में सभी अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।