BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

सर्दी का सितम शुरू:- ग्रेटर नोएडा में ठंड से राहत के लिए जल उठे 19 प्रमुख स्थानों पर अलाव


मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा 

ग्रेटर नोएडा में बढ़ती ठंड को देखते हुए आमजन को राहत देने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्राधिकरण ने स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से शहर के 19 प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू की है। यह पहल खासतौर पर खुले में काम करने वाले लोगों, राहगीरों और जरूरतमंदों को ठंड से बचाने के लिए की गई है।

यह व्यवस्था ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एन.जी. रवि कुमार के निर्देश पर लागू की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अलाव नियमित रूप से जलते रहें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

इन 19 स्थानों पर जलाए जा रहे हैं अलाव

अलाव जलाने के लिए शहर के उन स्थानों को चुना गया है जहां लोगों की आवाजाही सबसे अधिक रहती है। इनमें प्रमुख रूप से—
जगत फार्म, परी चौक के पास सूरजपुर-कसना रोड, परी चौक पुलिस चौकी के पास, सूरजपुर एंट्री पॉइंट, एच्छर सेक्टर-36 गेट नंबर-4, अल्फा कमर्शियल बेल्ट (डोमिनोज व एचडीएफसी बैंक के पास), कुलेसरा, कासना, सेक्टर बीटा-1 सीएम मार्केट, शारदा अस्पताल के पास, ओमेगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (यमुना प्राधिकरण के पास), दुर्गा टॉकीज रोटरी, दो रेन बसेरा, हनुमान मंदिर बिसरख के पास, ग्रेटर नोएडा वेस्ट चार मूर्ति चौक, तुगलपुर मेट्रो स्टेशन के पास और पी-3 गोलचक्कर शामिल हैं।

जरूरत के अनुसार और बढ़ेगी संख्या

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वी.एस. ने बताया कि यदि ठंड और बढ़ती है या किसी अन्य क्षेत्र में आवश्यकता महसूस होती है तो वहां भी अलाव की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि सर्दी के मौसम में किसी भी नागरिक को परेशानी न हो।

प्राधिकरण की यह पहल शहरवासियों के प्रति संवेदनशील प्रशासन की सोच को दर्शाती है और सर्द मौसम में जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।