Vision Live/ Greater Noida 

आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में माता की चौकी का वार्षिक पारंपरिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच सम्पन्न हुआ। यह पावन परंपरा संस्थान में वर्ष 1995 से चली आ रही है तथा आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में 2005 से विशेष रूप से मनाई जा रही है। नए शैक्षिक सत्र के शुभारंभ पर माँ दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने के उद्देश्य से यह आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन डॉ. आर. पी. चड्ढा, वाइस चेयरमैन सोहेल चड्ढा, प्रशासनिक अधिकारी सुरेंद्र सूद, सेक्रेटरी बी.के. अरोड़ा, निदेशक डॉ. मयंक अग्रवाल, डॉ. संजय यादव, डॉ. विष्णु शर्मा सहित सभी विभागाध्यक्ष एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने माँ दुर्गा से विद्यार्थियों, शिक्षकों और संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।

पूरे कैंपस में प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, अभिभावकों और आसपास के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भक्ति-भाव से ओतप्रोत वातावरण में भजन-कीर्तन के माध्यम से सभी ने माँ का आशीर्वाद प्राप्त किया।

विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने नए सत्र में सफलता, समृद्धि और उन्नति की कामना करते हुए माँ के चरणों में नमन किया।

कार्यक्रम का समापन शिक्षकों, विद्यार्थियों, स्टाफ व अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से आशीर्वाद ग्रहण और शुभकामनाओं के साथ हुआ।