BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

आई.टी.एस. डेंटल कॉलेज, हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में भावी दंत चिकित्सकों ने लिया सेवा और समर्पण का संकल्प


      मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
आई.टी.एस. डेंटल कॉलेज, हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, ग्रेटर नोएडा में व्हाइट कोट सेरेमनी एवं मेरिट अवॉर्ड वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बी.डी.एस. तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने चिकित्सा सेवा की राह पर कदम रखते हुए सेवा, ईमानदारी और समर्पण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. उर्मिला कालरा, यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज़ एंड जी.टी.बी. हॉस्पिटल, नई दिल्ली के पैथोलॉजी विभाग की पूर्व प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष रहीं। इस अवसर पर आई.टी.एस. एजुकेशन ग्रुप के उपाध्यक्ष सोहेल चड्ढा, सचिव बी.एस. अरोड़ा, फाइनेंशियल कंट्रोलर सुरेन्द्र लून, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सचित आनंद अरोड़ा, मेडिकल सुपरिटेंडेंट्स, विभागाध्यक्ष एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि डॉ. उर्मिला कालरा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “व्हाइट कोट केवल एक परिधान नहीं, बल्कि सेवा, करुणा और जिम्मेदारी का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि चिकित्सा का पेशा केवल ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि इसमें मानवीय मूल्यों और समाज के प्रति समर्पण की भावना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे सदैव अपने मरीजों के प्रति सहानुभूति और ईमानदारी बनाए रखें।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सचित आनंद अरोड़ा ने विद्यार्थियों को डेंटल कोड ऑफ कंडक्ट की शपथ दिलाई और कहा कि व्हाइट कोट सेरेमनी चिकित्सा सेवा के प्रति निष्ठा और मानवता की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एक डॉक्टर की असली पहचान उसके ज्ञान के साथ-साथ उसकी करुणा और नैतिक मूल्यों से होती है।

इस अवसर पर शैक्षणिक वर्ष 2023-24 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

समारोह के अंत में आई.टी.एस. एजुकेशन ग्रुप के उपाध्यक्ष सोहेल चड्ढा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “यह समारोह केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण की दिशा में पहला कदम है। एक सच्चे चिकित्सक की पहचान उसके कौशल के साथ-साथ उसकी मानवीयता में निहित होती है।”

कॉलेज के सचिव बी.एस. अरोड़ा ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि आई.टी.एस. परिवार सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मानवीय मूल्यों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।.समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।