BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

जी. डी. गोयंका पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने किया जंतर मंतर का शैक्षिक भ्रमण


          Vision Live  / ग्रेटर नोएडा
जी. डी. गोयंका पब्लिक स्कूल, स्वर्ण नगरी, ग्रेटर नोएडा के कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने नई दिल्ली स्थित ऐतिहासिक जंतर मंतर का शैक्षिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की प्राचीन वैज्ञानिक उपलब्धियों और खगोल विज्ञान की ऐतिहासिक परंपरा से अवगत कराना था।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने सम्राट यंत्र, जयप्रकाश यंत्र, राम यंत्र जैसे विभिन्न खगोलीय उपकरणों का अवलोकन किया और यह समझा कि प्राचीन काल में इन उपकरणों के माध्यम से समय, ग्रहों की स्थिति तथा सूर्य की गति का अध्ययन किस प्रकार किया जाता था।

इस अवसर पर मार्गदर्शक ने विद्यार्थियों को जंतर मंतर के निर्माण से जुड़ी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, इसके स्थापत्य वैभव तथा महाराजा जयसिंह द्वितीय की वैज्ञानिक दृष्टि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और भारतीय वैज्ञानिक परंपरा के गौरवशाली इतिहास से रूबरू हुए।

विद्यालय की प्रधानाचार्या ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और प्राचीन भारतीय विज्ञान के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।

विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी और रोचक अनुभव बताया तथा विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्या एवं शिक्षकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया जिन्होंने उन्हें इस अनोखे अनुभव का अवसर प्रदान किया।