BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

दनकौर में 102वां वार्षिक श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेला धूमधाम से शुरू


मौहम्मद इल्यास-"दनकौरी" /गौतमबुद्धनगर
शनिवार रात्रि दनकौर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेला–2025 का शुभारंभ एसीपी अरविंद कुमार एवं दनकौर कोतवाल मुनेंद्र कुमार सिंह ने फीता काटकर किया।

इस वर्ष दनकौर में आयोजित हो रहा यह 102वां वार्षिक जन्मोत्सव मेला है, जो स्वतंत्रता दिवस से ही बाबा श्री गुरु द्रोणाचार्य जी के प्रांगण में श्रद्धा और उल्लास के साथ प्रारंभ हो चुका है।

मेला समिति की ओर से श्री द्रोण गौशाला समिति के प्रबंधक रजनीकांत अग्रवाल एवं समिति पदाधिकारी सुशील बाबा, मनीष सिंघल, सोनू वर्मा, मनीष अग्रवाल आदि ने मुख्य अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

शुभारंभ कार्यक्रम के बाद एसीपी और कोतवाल ने मंदिर प्रांगण में स्थापित विभिन्न मंदिरों के दर्शन किए और भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियों की सराहना की।

अतिथियों का उद्बोधन

इस अवसर पर एसीपी अरविंद कुमार ने कहा कि “दनकौर की पावन धरती पर आयोजित यह जन्मोत्सव मेला हमारी सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखता है। श्रीकृष्ण की शिक्षाएँ समाज को सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। साथ ही प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतज़ाम किए हैं, ताकि हर कोई शांति और आनंद के साथ मेला देख सके।”

वहीं कोतवाल मुनेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि “श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेला नगर की आस्था और परंपरा का प्रतीक है। पुलिस प्रशासन मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है। भीड़-प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था और आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। हमारी प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु आयोजन है।”

श्रद्धालुओं और नगरवासियों में जन्मोत्सव मेले को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।