BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल,, ग्रेटर नोएडा का शैक्षिक भ्रमण


 Vision Live/ Greater Noida 

शिक्षा का सर्वोत्तम रूप वह है, जो कक्षा की सीमाओं से बाहर निकलकर अनुभव की धरती पर उतरती है।”

इसी भावना को आत्मसात करते हुए जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, स्वर्ण नगरी, ग्रेटर नोएडा के छात्रों ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन संग्रहालय का शैक्षिक भ्रमण किया। इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक धरोहर से साक्षात परिचय कराना था।

राष्ट्रपति भवन, जो कभी ब्रिटिश वायसराय का भव्य आवास था और अब भारत गणराज्य के राष्ट्रपति का आधिकारिक निवास है, अपने भीतर इतिहास, कला और लोकतंत्र की गौरवशाली गाथा समेटे हुए है। राष्ट्रपति भवन संग्रहालय तीन भागों में विभाजित है—प्रथम खंड में राष्ट्रपति भवन के इतिहास और वास्तुकला का जीवंत चित्रण किया गया है; द्वितीय खंड में भारत के राष्ट्रपतियों की जीवनी, उनके योगदान और उपहारों का संग्रह प्रदर्शित है; तथा तृतीय खंड में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम, संविधान निर्माण और लोकतंत्र की विकास यात्रा को आकर्षक तकनीकी साधनों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

छात्रों ने संग्रहालय में लगे इंटरएक्टिव डिस्प्ले, थ्री-डी मॉडल, डिजिटल प्रोजेक्शन और विजुअल इफेक्ट्स के माध्यम से भारत के स्वर्णिम अतीत और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहद रोचक और संवादात्मक रूप में समझा। संग्रहालय का भ्रमण करते हुए बच्चों की आँखों में जिज्ञासा और हृदय में गर्व स्पष्ट झलक रहा था।

इस यात्रा ने न केवल इतिहास को जीवंत रूप में उनके सामने प्रस्तुत किया, बल्कि यह भी बताया कि लोकतंत्र कैसे कार्य करता है और उसमें प्रत्येक नागरिक की क्या भूमिका होती है। राष्ट्रपति भवन की भव्यता, उसकी कलात्मक वास्तुकला, और वहाँ की शांति व गरिमा ने सभी पर गहरा प्रभाव डाला।


शैक्षिक पक्ष के साथ-साथ यह भ्रमण एक प्रेरणादायक अनुभव भी रहा, जिसने छात्रों को देश की विरासत से जुड़ने, उसे समझने और सम्मान करने का संदेश दिया। यह यात्रा एक ऐसा सेतु बनी, जिसने पाठ्यपुस्तक के ज्ञान को प्रत्यक्ष अनुभव से जोड़कर छात्रों के मन-मस्तिष्क में गहरी छाप छोड़ी।

विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य  तथा अध्यापकगणों के समन्वय और मार्गदर्शन से यह आयोजन अत्यंत सफल और सराहनीय रहा। सभी छात्रों ने अनुशासन, जिज्ञासा और सक्रिय सहभागिता के साथ इस भ्रमण को एक यादगार शैक्षिक अनुभव बना दिया।