BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

“25 साल की विकास यात्रा से भविष्य के ग्लोबल हब तक… UPITS में YEIDA का विजन, एयरपोर्ट से जापान-कोरिया-सिंगापुर सिटी तक दिखा विकास का मॉडल”

UPITS 2026 में YEIDA का विजन: 25 वर्षों की विकास यात्रा के साथ भविष्य के औद्योगिक उत्तर प्रदेश की तस्वीर

यीडा के स्टॉल पर दिख रहा 2041 मास्टर प्लान, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और प्रस्तावित ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट्स का मॉडल
 मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/  UPITS 2026, इंडिया एक्सपोर्ट मार्ट एंड सेंटर, ग्रेटर नोएडा 
उत्तर प्रदेश की औद्योगिक विकास यात्रा और भविष्य की मेगा परियोजनाओं को एक मंच पर प्रदर्शित कर रहा यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) का स्टॉल यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित ट्रेड शो के हॉल नंबर-03 में लगाए गए इस स्टॉल में यीडा की 25 वर्षों की विकास यात्रा के साथ-साथ क्षेत्र के आगामी औद्योगिक, शहरी और कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स की झलक दिखाई गई है।
यीडा के स्टॉल पर प्रथम चरण-2041 के मास्टर प्लान का मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र है। मॉडल के माध्यम से प्राधिकरण क्षेत्र के विभिन्न सेक्टरों, प्रस्तावित विकास क्षेत्रों और कनेक्टिविटी नेटवर्क को प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का मॉडल भी स्टॉल पर लगाया गया है, जो यमुना क्षेत्र में विकसित हो रहे आधुनिक एयर कनेक्टिविटी नेटवर्क और उससे जुड़ी विकास संभावनाओं को दर्शाता है।
औद्योगिक निवेश और मेगा प्रोजेक्ट्स की झलक
स्टॉल में पोस्टर्स और प्रदर्शनी सामग्री के माध्यम से पिछले एक वर्ष में हुए प्रमुख औद्योगिक आवंटनों तथा प्राधिकरण क्षेत्र में आए निवेश को प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही यीडा क्षेत्र में विकसित की जा रही विभिन्न महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की जानकारी भी आगंतुकों को दी जा रही है।
प्रमुख परियोजनाओं में इंटरनेशनल फिल्म सिटी, फिनटेक सिटी, अपैरल पार्क, टॉय पार्क, मेडिकल डिवाइसेज पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, लॉजिस्टिक पार्क और हेरिटेज सिटी सहित विभिन्न योजनाएं शामिल हैं।
वहीं, भविष्य की प्रस्तावित योजनाओं के तहत सेक्टर-5ए में जापान सिटी, सेक्टर-4ए में कोरियन सिटी, सेक्टर-7 में सिंगापुर सिटी, सेक्टर-6 में ताइवान सिटी जैसी परियोजनाओं को भी प्रदर्शनी के माध्यम से दर्शाया गया है। इसके अलावा सेक्टर-23डी में प्रस्तावित इंटरनेशनल स्टेडियम, सेक्टर-23सी में प्रस्तावित आईएसबीटी तथा सेक्टर-13 और 14 में मेडिकल हब से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी स्टॉल पर उपलब्ध कराई गई है।
औद्योगिक विकास मंत्री ने किया स्टॉल का उद्घाटन
ट्रेड शो के दौरान उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने यीडा के स्टॉल का उद्घाटन किया और प्रदर्शित विकास मॉडल तथा परियोजनाओं का अवलोकन किया। इस दौरान यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों और उद्योगपतियों के साथ संवाद करते हुए प्राधिकरण की विभिन्न औद्योगिक योजनाओं और निवेश की संभावनाओं की जानकारी दी।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने IIDC दीपक कुमार का स्टॉल पर स्वागत किया और उन्हें यीडा द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं तथा परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।
अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने किया यीडा स्टॉल का भ्रमण
शनिवार को आलोक कुमार, अपर मुख्य सचिव, उद्योग विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार एवं अध्यक्ष, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने इंडिया एक्सपो मार्ट पहुंचकर यीडा के स्टॉल का भ्रमण किया। उन्होंने स्टॉल पर प्रदर्शित विकास मॉडल, मास्टर प्लान, औद्योगिक परियोजनाओं और प्रस्तावित योजनाओं का अवलोकन किया।
इस अवसर पर डॉ. राकेश कुमार, चेयरमैन, इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर (IEML) भी उनके साथ उपस्थित रहे।
उद्योग, निवेश और भविष्य की कनेक्टिविटी का एक मंच
यीडा का स्टॉल केवल प्राधिकरण की वर्तमान उपलब्धियों को प्रदर्शित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां औद्योगिक निवेश, आधुनिक कनेक्टिविटी, एयरपोर्ट आधारित विकास, ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट्स और भविष्य की शहरी संरचना की पूरी तस्वीर प्रस्तुत की जा रही है।
ट्रेड शो में बड़ी संख्या में उद्योगपति, निवेशक, अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि और देश-विदेश से आए आगंतुक यीडा के स्टॉल का भ्रमण कर रहे हैं। स्टॉल पर प्रदर्शित मॉडल और परियोजनाओं के माध्यम से आगंतुकों को यह समझने का अवसर मिल रहा है कि आने वाले वर्षों में यमुना क्षेत्र किस प्रकार औद्योगिक, निवेश और आधुनिक शहरी विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।



.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }