BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

यमुना प्राधिकरण की ग्रीन बेल्ट में पौधारोपण, विकसित भारत 2047 के संकल्प से जुड़ा पर्यावरण संरक्षण का संदेश


विधायक धीरेन्द्र सिंह ने किया पौधारोपण, स्कूली छात्राओं और ग्रामीणों ने भी लिया हिस्सा
रिपोर्ट: मौहम्मद इल्यास- ‘दनकौरी’
Vision Live News / यीडा सिटी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में निरंतर सेवाकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को यमुना प्राधिकरण की ओर से पर्यावरण संरक्षण को समर्पित पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के तहत यमुना प्राधिकरण की 60 मीटर सड़क के साथ स्थित 50 मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में विधायक धीरेन्द्र सिंह ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने पौधों के संरक्षण और उनके नियमित रखरखाव को भी महत्वपूर्ण बताया।
स्कूली छात्राओं ने भी बढ़ाया उत्साह
पौधारोपण कार्यक्रम में प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार, महाप्रबंधक (परियोजना) राजेन्द्र भाटी, वरिष्ठ प्रबंधक (उद्यान) डॉ. आरती सिंह सहित प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्कूली छात्राओं और ग्रामवासियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
स्कूली बच्चों ने स्वयं पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। बच्चों ने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़-पौधे न केवल पर्यावरण को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण तैयार करने में भी अहम योगदान देते हैं।
देशी प्रजातियों के पौधों को दिया गया महत्व
ग्रीन बेल्ट में पर्यावरणीय दृष्टि से उपयोगी विभिन्न देशी प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इनमें नीम, पीपल, बरगद, अर्जुन और पिलखन प्रमुख रहे। इन प्रजातियों के पौधों के रोपण के साथ उनके संरक्षण एवं नियमित देखरेख के लिए भी लोगों को प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों से अपील की गई कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें पेड़ बनने तक सुरक्षित रखना भी सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों और ग्रामीणों को पौधों की देखभाल के लिए जागरूक किया गया।
पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने की पहल
यमुना प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय संकल्प से नागरिकों को जोड़ने के उद्देश्य से 12 प्रमुख कार्यक्रमों का क्रियान्वयन किया जा रहा है। पौधारोपण कार्यक्रम को इसी अभियान की कड़ी के रूप में आयोजित किया गया।
पौधारोपण के दौरान अधिकारियों, स्कूली छात्राओं और ग्रामीणों की सहभागिता ने कार्यक्रम को जनभागीदारी का स्वरूप दिया। ग्रीन बेल्ट में देशी प्रजातियों के पौधे लगाए जाने से क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में भी कदम उठाया गया।



.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }