BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

दादरी की ऐतिहासिक भाजपा स्वागत जनसभा को सफल बनाने में जुटा संगठन, कासना मंडल की रणनीतिक बैठक में बनी व्यापक कार्ययोजना

कासना मंडल अध्यक्ष दिनेश भाटी की अध्यक्षता में ग्राम सिरसा स्थित जिला मंत्री श्रीमती मुकेश भाटी के कार्यालय पर हुई बैठक, जिला महामंत्री धर्मेंद्र भाटी, वर्तमान विधायक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद; सिरसा से दो बसों के माध्यम से पहुंचेगा भाजपा का जत्था
स्पेशल स्टोरी | विजन लाइव न्यूज
रिपोर्ट : मौहम्मद इल्यास 'दनकौरी'
दादरी में 3 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष एवं भारत सरकार के केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नव नियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर के स्वागत में आयोजित होने वाली विशाल जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा संगठन पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर गया है। जिले के विभिन्न मंडलों में लगातार बैठकों, जनसंपर्क अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को कासना मंडल की एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक ग्राम सिरसा स्थित भाजपा जिला मंत्री श्रीमती मुकेश भाटी के कार्यालय पर आयोजित की गई, जिसमें जनसभा की सफलता के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक की अध्यक्षता कासना मंडल अध्यक्ष दिनेश भाटी ने की। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री धर्मेंद्र भाटी, जिला मंत्री श्रीमती मुकेश भाटी, क्षेत्र के वर्तमान विधायक, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के प्रारंभ में कार्यकर्ताओं ने जिला मंत्री श्रीमती मुकेश भाटी का पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया और आगामी जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में 3 अगस्त को आयोजित होने वाली स्वागत जनसभा को लेकर व्यापक चर्चा की गई। प्रत्येक गांव, प्रत्येक बूथ और प्रत्येक शक्ति केंद्र से अधिकतम संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई। पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा गांव-गांव जनसंपर्क अभियान को और तेज करने का निर्णय लिया गया। कार्यकर्ताओं से समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंचने, अनुशासन बनाए रखने और अधिक से अधिक लोगों को जनसभा में शामिल कराने का आह्वान किया गया।
बैठक में परिवहन व्यवस्था को लेकर भी विशेष रूप से चर्चा हुई। ग्राम सिरसा से जिला मंत्री श्रीमती मुकेश भाटी तथा पूर्व प्रदेश मंत्री एवं भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य सुनील भाटी (सिरसा) के नेतृत्व में दो बसों की व्यवस्था की गई है। इन बसों के माध्यम से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय नागरिक दादरी पहुंचेंगे। इसके अलावा निजी वाहनों से भी कार्यकर्ताओं के जनसभा में पहुंचने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा का संगठन आज बूथ स्तर तक मजबूत है और प्रत्येक कार्यकर्ता केंद्र सरकार तथा उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास की नई दिशा स्थापित हुई है, जिसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है। इसी विश्वास के साथ कार्यकर्ता जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ जुटे हुए हैं।
बैठक में यह भी कहा गया कि उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी का क्षेत्र में आगमन संगठन के लिए विशेष महत्व रखता है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर के स्वागत को लेकर भी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। दोनों नेताओं के स्वागत के लिए गांव-गांव संपर्क अभियान चलाया जा रहा है और जनसभा में रिकॉर्ड भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक के दौरान नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन की मजबूती पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता, अनुशासन और समर्पण के साथ जनसभा को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभानी होगी।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि कासना मंडल से रिकॉर्ड संख्या में कार्यकर्ता दादरी पहुंचेंगे और 3 अगस्त की स्वागत जनसभा को ऐतिहासिक सफलता दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। राजनीतिक दृष्टि से भी इस जनसभा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह न केवल भाजपा की संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन होगी, बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों से पहले कार्यकर्ताओं में नए उत्साह और ऊर्जा का संचार करने का भी माध्यम बनेगी।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }