BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

बिग ब्रेकिंग:-- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी माता के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी पर कार्रवाई की मांग

स्पेशल न्यूज़ स्टोरी:-- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी माता के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी पर कार्रवाई की मांग, R.W.A. वृंदावन नगर ने सूरजपुर थाने में दी शिकायत
मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"
Vision Live News | ग्रेटर नोएडा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनकी माता के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने का मामला सामने आने के बाद रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (R.W.A.) वृंदावन नगर, बाराही मंदिर रोड, सूरजपुर के पदाधिकारियों ने शनिवार को सूरजपुर थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपी के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
R.W.A. के अध्यक्ष कुलदीप (के.डी. गुर्जर) के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी को संबोधित शिकायत पत्र में कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक युवक द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी माता के संबंध में अत्यंत आपत्तिजनक एवं अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित व्यक्ति स्वयं को उत्तर प्रदेश का निवासी बता रहा है।
कानूनी कार्रवाई की मांग
शिकायत में कहा गया है कि इस प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणियां समाज में वैमनस्य फैलाने के साथ-साथ सार्वजनिक पदों पर आसीन व्यक्तियों की गरिमा को भी ठेस पहुंचाती हैं। इसलिए आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ आईटी एक्ट एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर इस तरह की भाषा का प्रयोग करने का साहस न कर सके।
पदाधिकारी रहे मौजूद
शिकायत के दौरान R.W.A. के अध्यक्ष कुलदीप (के.डी. गुर्जर), उपाध्यक्ष रूपेश कुमार, सचिव रविंद्र सिंह, उपसचिव महेश चंद, सहकोषाध्यक्ष अनिल कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में मांग की कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करे।
पुलिस से निष्पक्ष जांच की अपेक्षा
R.W.A. पदाधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी व्यक्ति के खिलाफ अशोभनीय और अपमानजनक भाषा का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }