BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

दादरी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत की तैयारियां तेज, गांव-गांव जनसंपर्क में जुटे सुशील भाटी एडवोकेट


पूर्व बार अध्यक्ष बोले—डबल इंजन सरकार ने विकास को दी नई गति, जेवर एयरपोर्ट बदलेगा क्षेत्र की तस्वीर; समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना, दादरी की वीरभूमि और राजा उमराव सिंह के बलिदान का किया स्मरण
मौहम्मद इल्यास / ग्रेटर नोएडा / दादरी
भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा भाजपा के पश्चिमी क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नगर के 3 अगस्त को प्रस्तावित दादरी आगमन को लेकर दादरी विधानसभा क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को स्वागत समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दे रहे हैं। संगठन स्तर पर भी कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन, गौतमबुद्धनगर के पूर्व अध्यक्ष, भाजपा जिला संगठन के समर्पित कार्यकर्ता तथा दादरी विधानसभा से भाजपा टिकट के प्रबल दावेदार सुशील भाटी एडवोकेट ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का दादरी आगमन कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और प्रेरणा का अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी स्वागत समारोह में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाएंगे।
डबल इंजन सरकार ने विकास को दी नई पहचान
सुशील भाटी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्धनगर को देश की सबसे बड़ी विकास परियोजनाओं में शामिल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) का सौभाग्य मिला है, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों, गरीबों तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। यही कारण है कि जनता का विश्वास लगातार भाजपा के प्रति मजबूत हो रहा है।
समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना
दादरी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की हालिया रैली से जुड़े सवाल पर सुशील भाटी ने कहा कि समाजवादी पार्टी को गौतमबुद्धनगर की जनता के सामने पहले अपने पुराने निर्णयों का जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब उत्तर प्रदेश में मंडलों और जनपदों का पुनर्गठन किया गया था, तब गौतमबुद्धनगर जिले को समाप्त करने का निर्णय समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान लिया गया था, जिसके कारण पूरे जिले में भारी आक्रोश पैदा हुआ था।
जिला बचाने के आंदोलन को किया याद
सुशील भाटी ने कहा कि जिले के सम्मान और अस्तित्व की रक्षा के लिए समाज के हर वर्ग ने संघर्ष किया था। वकील समुदाय ने इस आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई और आम जनता भी बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आई थी।
उन्होंने बताया कि जिला बहाली आंदोलन के दौरान उन्होंने स्वयं आत्महत्या तक का प्रयास किया था। उनके अनुसार यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि गौतमबुद्धनगर की अस्मिता और सम्मान का आंदोलन था। जनता के अभूतपूर्व संघर्ष और एकजुटता के कारण सरकार को अपना निर्णय वापस लेना पड़ा और गौतमबुद्धनगर जिले का अस्तित्व बरकरार रहा।
उन्होंने कहा कि जिस दल के शासनकाल में जिले के अस्तित्व पर संकट आया, उसके नेताओं द्वारा आज विकास और जनहित की बातें करना जनता अच्छी तरह समझती है।
दादरी की वीरभूमि और राजा उमराव सिंह की गौरवगाथा का किया उल्लेख
सुशील भाटी एडवोकेट ने कहा कि दादरी वीरों और बलिदानियों की भूमि रही है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र स्वतंत्रता संग्राम के महानायक राजा उमराव सिंह की वीरता और बलिदान का साक्षी है। उन्होंने कहा कि राजा उमराव सिंह कठेड़ा गांव से थे और वे स्वयं उनके वंशज होने का गौरव प्राप्त करते हैं।
उन्होंने बताया कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करने के कारण राजा उमराव सिंह और उनके भाइयों को बुलंदशहर के ऐतिहासिक काले आम चौराहे पर अंग्रेजों ने फांसी दे दी थी। उन्होंने कहा कि उनका बलिदान देश के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है और आज भी क्षेत्र के लोगों को राष्ट्रभक्ति एवं समाज सेवा की प्रेरणा देता है।
गांव-गांव जनसंपर्क कर रहे हैं कार्यकर्ता
सुशील भाटी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नगर के स्वागत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। वे स्वयं गांव-गांव जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठकें कर कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा, किसान, महिलाएं और क्षेत्र के सम्मानित नागरिक स्वागत समारोह में भाग लेंगे। यह आयोजन केवल स्वागत समारोह नहीं होगा, बल्कि भाजपा की संगठनात्मक मजबूती, अनुशासन और जनसमर्थन का भी सशक्त प्रदर्शन बनेगा।
संगठन को मिलेगा नया उत्साह
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देगा और आगामी विधानसभा चुनावों से पहले संगठन को और अधिक मजबूत करेगा। उन्होंने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर इसे ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
राजनीतिक दृष्टि से भी यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पंकज चौधरी का दादरी आगमन संगठनात्मक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। ऐसे में 3 अगस्त का यह कार्यक्रम न केवल भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह का केंद्र बना हुआ है, बल्कि क्षेत्र की राजनीति में भी इसे एक महत्वपूर्ण आयोजन के रूप में देखा जा रहा है।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }