BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

सेक्टर-32 में 6 एकड़ की ग्रीन बेल्ट बनी हरियाली की नई मिसाल, 21 हजार पौधों से संवरा यमुना प्राधिकरण क्षेत्र


27 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में विकसित ग्रीन बेल्ट का CEO राकेश कुमार सिंह ने किया लोकार्पण, आमजन के लिए खुला रहेगा हरित क्षेत्र

मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी" / यीडा सिटी
पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार और क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में यमुना प्राधिकरण ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-32 में Avery Dennison कंपनी के समीप लगभग 6 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित ग्रीन बेल्ट का गुरुवार को मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने लोकार्पण किया।
इस ग्रीन बेल्ट को Avery Dennison को एडॉप्शन के लिए दिया गया था। संस्था Give Me Trees द्वारा कंपनी के सहयोग से विकसित इस हरित क्षेत्र में लगभग 21 हजार पौधों का रोपण किया गया है। इसके साथ ही यहां आकर्षक लॉन, वॉकिंग ट्रैक और विभिन्न प्रजातियों के फूलदार एवं छायादार वृक्ष लगाए गए हैं।
जलभराव की समस्या से निपटने के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग
ग्रीन बेल्ट का क्षेत्र सड़क स्तर से नीचे होने के कारण यहां बारिश के दौरान जलभराव की संभावना रहती थी। इसे ध्यान में रखते हुए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम विकसित किया गया है। इससे वर्षा जल का बेहतर प्रबंधन होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
पूरे वर्ष हरियाली और फूलों से महकेगा क्षेत्र
ग्रीन बेल्ट में मियांवाकी पद्धति से पौधरोपण के साथ ऐसे फूलदार पौधों एवं वृक्षों का भी रोपण किया गया है, जो अलग-अलग मौसम में फूल देते रहें। इससे क्षेत्र में पूरे वर्ष हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता बनी रहने की उम्मीद है।
वॉकिंग ट्रैक विकसित किए जाने से स्थानीय नागरिकों को भी लाभ मिलेगा। यह ग्रीन बेल्ट आमजन के लिए खुला रहेगा, जिससे लोग यहां हरियाली के बीच टहलने और प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले सकेंगे।
निकटवर्ती गोल चक्कर के विकास में भी कंपनी ने दिखाई रुचि
Avery Dennison की ओर से निकट भविष्य में ग्रीन बेल्ट के समीप स्थित गोल चक्कर को भी विकसित करने में रुचि दिखाई गई है। इससे क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और हरित विकास को और गति मिलने की संभावना है।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान यमुना प्राधिकरण के आनन्द मोहन सिंह, उपनिदेशक (उद्यान), डॉ. आरती सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक (उद्यान) सहित Avery Dennison से निदेशक अमिताभ सागर, अजय कुमार, प्रदीप, इंदू समेत कंपनी एवं प्राधिकरण के विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
लक्ष्य से दोगुने के करीब पौधरोपण का लक्ष्य
यमुना प्राधिकरण द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में 77,007 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके मुकाबले प्राधिकरण ने अब कुल 1.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। इसके माध्यम से क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण और हरित क्षेत्रों के विस्तार के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया। अधिकारियों ने कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देना समय की आवश्यकता है और इस तरह की पहल से क्षेत्र को अधिक हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाने में मदद मिलेगी।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }