श्री राम विजोत्सव 2024 को लेकर चल रही रामलीलाओं में वीआईपी और वीवीआईपी लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1, ऐच्छर में श्री धार्मिक रामलीला कमेटी के तत्वाधान में चल रही लीला मंचन के समय उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल पहुंचे और मुक्त कंठ से लीला मंचन की प्रशंसा की। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने मंचन की सराहना करते हुए इसे असाधारण बताया। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल एक नाटक नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर का हिस्सा है, जो हमें हमारे धर्म और परंपराओं से जोड़ता है। कपिलदेव अग्रवाल ने विशेष रूप से LED ग्राफिक्स का जिक्र किया, जो मंचन में एक जादुई अनुभव का तत्व जोड़ते हैं। उनका मानना है कि इस तरह की तकनीक के उपयोग से रामलीला का अनुभव और भी रोचक और यादगार बन जाता है।
इससे पहले गौतमबुद्धनगर भाजपा ज़िला अध्यक्ष गजेन्द्र मावी, वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील चावड़ा और समाजसेवी पंकज मावी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंचन की प्रमुख लीला नारद मोह प्रसंग रही, जिसमें नारद जी ने भगवान श्री राम अवतार की भूमिका तय करते हुए प्रभु की बानरी सेना के गठन की नींव रखी। इसके माध्यम से दर्शाया गया कि कैसे रावण के अत्याचारों से त्रिभुवन त्रस्त था और सभी देवता और मानव, भगवान श्री राम की उपासना करने लगे। रावण ने देवा-सुर संग्राम के बाद धरती और देवताओं पर अपना अधिकार स्थापित कर लिया था, जिसके कारण समस्त जीव-जंतु उसके अधीन कार्य करने को विवश हो गए थे।
इस अद्भुत मंचन ने क्षेत्रवासियों को प्रभावित किया, जिन्होंने इन लीलाओं को देखकर स्वयं को भाग्यशाली महसूस किया। कार्यक्रम के दौरान भक्तों ने सनातन संस्कृति और आधुनिक तकनीक के संयोजन से तैयार की गई बहु मंचीय ध्वनि और प्रकाश व्यवस्था का भरपूर आनंद लिया। अंत में, पूरे परिसर में जय श्री राम के जयकारे गूंज उठे, जिससे पूरा वातावरण भगवान राममय हो गया। इस कार्यक्रम ने दर्शकों को न केवल मनोरंजन प्रदान किया, बल्कि उन्हें हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की महत्वपूर्णता का भी अहसास कराया। रामलीला का निर्देशन गोस्वामी सुशील जी महाराज के दिशा निर्देशन में राजस्थान के सर्वश्रेष्ठ कलाकारों द्वारा किया जा रहा है, जिससे समस्त दर्शक मंत्रमुग्ध हो रहे हैं।
इस अवसर पर संस्थापक गोस्वामी सुशील जी महाराज, संरक्षक हरवीर मावी, अध्यक्ष आनंद भाटी, महासचिव ममता तिवारी, कोषाध्यक्ष अजय नागर, मिडिया प्रभारी धीरेंद्र भाटी और वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश शर्मा बदौली सहित संस्था के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।