BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

Header Add

किसानों ने ईस्टर्न पेरिफेरल और एनएच-91 पर टोल फ्री कराया

 




विजन लाइव/गौतमबुद्धनगर

कृषि अध्यादेशों के खिलाफ चल रहे आंदोलन में आज शनिवार को टोल फ्री कराया गया। भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शनिवार को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे तथा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 91 पर कोट तथा सिरसा रामपुर के पास टोल मुक्त करा कर अपना विरोध जताया। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष (युवा) गौरव टिकैत के नेतृत्व में कार्यकर्ता सुबह से ही सिरसा, रामपुर टोल पर जुटने शुरू हो गए थे। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष (युवा) गौरव टिकैत, गौतमबुद्धनगर के जिला अध्यक्ष अनित कसाना एवं महानगर अध्यक्ष परविंदर अवाना के नेतृत्व में कार्यकर्ता आज सुबह ही ईस्टर्न पेरीफेरल पर पहुंच गए। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने सिरसा रामपुर व कोट टोल पर पहुंचकर वाहन चालकों के लिए टोल पूरी तरह से फ्री करा दिया। इस दौरान वाहन चालक बिना टोल दिए आराम से टोल बैरियर से पास हुए। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष (युवा) गौरव टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार जब तक किसान विरोधी कानूनो को वापस नहीं ले लेती, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। गौतमबुद्धनगर जिलाध्यक्ष अनित कसाना ने कहा कि कृषि अध्यादेशों को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार अपनी हठधर्मिता की सीमाओं को पार कर रही है। किसान किसी भी सूरत में कृषि बिल वापस होने तक पीछे हटने वाले नही है। सरकार को ये कृषि बिल वापस लेने ही होंगे। महानगर अध्यक्ष परविंदर अवाना ने कहा कि सरकार तानाशाह रवैया अपना कर किसानों की मांगों की अनदेखी कर रही है, लेकिन किसान इस बार झुकने वाले नहीं हैं और आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।